एमजीएम अस्पताल में मरीज के परिजनों और होमगार्ड जवानों के बीच मारपीट, भाजपा कार्यकर्ता घायल, दोनों पक्ष आमने-सामने
* दोनों पक्षों ने लगाए गंभीर आरोप
* भाजपा कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर में किया धरना-प्रदर्शन, डीएसपी के आश्वासन पर समाप्त
* दोनों पक्षों ने थाना में दिया आवेदन, पुलिस जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी
Jamshedpur : शनिवार को सुबह करीब साढ़े 10 बजे डॉक्टर से मिलने की बात कहकर लेबर रूम के बाहर प्रतीक्षा करने पर उत्पन्न विवाद के बाद सुरक्षा में तैनात होमगार्ड जवानों ने एक मरीज के दो रिश्तेदारों की लाठी से पिटाई कर दी। जिससे दोनों घायल हो गए। विरोध में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सह जमशेदपुर पूर्वी के विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने करीब एक घंटे तक अस्पताल परिसर में हंगामा मचाया एवं धरने पर बैठ गए। सूचना पाकर पहुंचे पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार एवं एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास द्वारा जांच करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन देने पर लोग शांत हुए।
इस संबंध में भुईयांडीह लकड़ी टाल निवासी मनीष शर्मा (29) का आरोप है कि उनकी भांजी काजल कुमारी 20 जुलाई को एमजीएम अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती कराई गई थी। उसी दिन शाम को सिजेरियन डिलीवरी हुई। 28 जुलाई को संक्रमण होने एवं टांका वाले जगह से पीव निकलने पर वह दामाद मिथिलेश कुमार (25) की सूचना पर शनिवार को डॉक्टर से मिलने एवं बेहतर इलाज की व्यवस्था हेतु बात करने पहुंचे थे। लेकिन होमगार्ड जवानों द्वारा उन्हें न सिर्फ डॉक्टर से मिलने पर रोका गया बल्कि वीडियो बनाने का आरोप लगाते हुए मोबाइल फोन को पटक दिया गया एवं पुराने वीडियो को डिलीट करने के बाद दामाद समेत उनकी लाठियों से बेरहमी के साथ पिटाई की गई। बाद में इसकी सूचना विधायक प्रतिनिधि को दी गई।
मौके पर मौजूद गुंजन यादव ने आरोप लगाया कि मनीष शर्मा भाजपा कार्यकर्ता हैं और वह अपनी भांजी के बेहतर इलाज हेतु डॉक्टर से मिलने पहुंचे थे। लेकिन 8 से 10 जवानों द्वारा दोनों के साथ मारपीट की गई। सूचना मिलने पर वे तत्काल पहुंचे। ग्रामीण एसपी, पटमदा डीएसपी, और एमजीएम थाना प्रभारी को सूचित किया। दोषी होमगार्ड जवानों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। पुलिस अधिकारी टूटी हुई लाठी को लेकर गए हैं। गुंजन का कहना है कि किसी भी जवान के पास नेम प्लेट नहीं लगी थी, इसलिए उनकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस से मांग की गई है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच करते हुए दोषी जवानों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
दूसरी ओर होमगार्ड जवानों का आरोप है कि पिछले चार दिनों से मिथिलेश कुमार एवं उसके मिरूडीह निवासी ससुर गायनिक वार्ड में आ रहे थे और ठीक से इलाज नहीं होने का आरोप लगाते हुए डॉक्टर एवं नर्स को परेशान कर रहे थे। शनिवार को स्थिति तब बिगड़ी, जब उसका रिश्तेदार मनीष शर्मा लेबर रूम में वीडियो बना रहा था। पुरुषों के लिए प्रवेश निषेध होने के बावजूद प्रतिबंधित क्षेत्र में वीडियो बनाने की सूचना मिलने पर मौके पर तैनात महिला सुरक्षाकर्मियों भूमि माझी व सारथी मार्डी ने मनीष शर्मा एवं मिथिलेश कुमार को लेबर रूम से बाहर निकाल दिया। लेकिन उन लोगों द्वारा डॉक्टर से मिलने की बात कहकर हंगामा करने तथा महिला होमगार्ड जवानों के साथ अभद्र व्यवहार एवं धक्का-मुक्की करने पर इसकी सूचना होमगार्ड प्रभारी को दी गई। इसके बाद गश्ती टीम को भेजकर दोनों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन खुद को भाजपा नेता बताते हुए पुरुष जवानों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई और उनकी वर्दी फाड़ दी गई। घटना के बाद डॉक्टर से मिलने पहुंचे परिजनों को डॉ. ऊषा कुमारी ने बताया कि मरीज काजल कुमारी को टांका लगने के बाद संक्रमण जरूर हुआ है, लेकिन चिंता की कोई बात नहीं है और इलाज में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं है। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं ड्रेसिंग की है तथा अगली ड्रेसिंग सोमवार को होनी है। डॉ. ऊषा ने कहा कि बिहार निवासी काजल की सास द्वारा अस्पताल की व्यवस्था को लेकर लगातार नकारात्मक बातें कहने से मरीज मानसिक रूप से प्रभावित हुई है और उसकी इम्युनिटी कमजोर होने के कारण संक्रमण हुआ है। फिलहाल उसे स्लाइन भी चढ़ाया जा रहा है।
दूसरी ओर भाजपा कार्यकर्ता मनीष शर्मा के बयान पर एमजीएम थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है। इसके लिए एमजीएम अस्पताल में इंज्यूरी रिपोर्ट तैयार की गई है। वहीं होमगार्ड जवानों द्वारा भी इंज्यूरी रिपोर्ट के साथ प्राथमिकी दर्ज कराने हेतु लिखित आवेदन दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा दोनों पक्षों के आवेदन पर आगे की कार्रवाई की तैयारी चल रही है। बिहार के शेखपुरा निवासी मिथिलेश कुमार ने बताया कि पिछले 4 दिनों पूर्व जब पत्नी की तबीयत बिगड़ने लगी थी तो डॉक्टर एवं नर्स को बुलाने गए थे लेकिन उस दौरान लापरवाही बरती गई। उस दिन वीडियो बनाया गया था और आज जब उनके मामा ससुर की जवानों द्वारा पिटाई की जा रही थी तो वह आज उसकी वीडियो बना रहे थे।



