पटमदा के गेगांड़ा गांव के शिक्षक विष्णु पद सहिस बने एनसीसी अधिकारी, हर्ष
Patamda: पटमदा प्रखंड के गेगांड़ा गांव निवासी शिक्षक विष्णु पद सहिस ने एनसीसी में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर (एएनओ) का पद प्राप्त किया है। वर्तमान में वे धनबाद जिले के झरिया प्रखंड स्थित राजकीय प्लस-टू उच्च विद्यालय, झरिया में शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं।
विष्णु पद सहिस ने 36 झारखंड बटालियन, धनबाद के माध्यम से महाराष्ट्र के ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए), कामठी में 2 जून से 1 अगस्त तक आयोजित एएनओ प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया। प्रशिक्षण के समापन पर देश के विभिन्न राज्यों से आए 500 से अधिक शिक्षकों में चयनित प्रतिभागियों को दो सितारे प्रदान कर एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर (एएनओ) के रूप में सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर विष्णु पद सहिस ने कहा कि शिक्षक होने के साथ-साथ एएनओ के रूप में देश सेवा का अवसर मिलना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि अब वे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रभक्ति और सेवा भावना विकसित करने का भी प्रयास करेंगे। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।



