पटमदा में खाद व बीज दुकानों की सघन जांच, तीन दुकानों में मिली अनियमितता
कारण बताओ नोटिस जारी, निर्धारित सरकारी दर पर ही खाद बेचने के दिए निर्देश
Patamda: अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम के आदेश पर शनिवार को पटमदा प्रखंड में अनुज्ञप्ति प्राप्त उर्वरक एवं बीज दुकानों की सघन जांच अभियान चलाया गया। प्रखंड स्तर पर गठित टीम ने पटमदा लैम्पस, गोबरघुसी लैम्पस, मां पार्वती बीज भंडार तथा हरेकृष्ण बीज भंडार का निरीक्षण किया। जांच के दौरान गोबरघुसी लैम्पस को छोड़कर शेष तीन प्रतिष्ठानों में विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं पाई गईं। इस पर अंचल कार्यालय की ओर से संबंधित दुकानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अनियमितताओं पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा आगे भी इस तरह की सघन जांच लगातार जारी रहेगी। प्रशासन ने किसानों से निर्धारित सरकारी दर पर ही उर्वरक खरीदने की अपील की है। अधिकारियों ने बताया कि सरकार द्वारा यूरिया की कीमत 266.50 रुपये प्रति बैग तथा डीएपी की कीमत 1,350 रुपये प्रति बैग निर्धारित की गई है। इससे अधिक कीमत वसूले जाने की शिकायत मिलने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। जांच दल में प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड सांख्यिकी पर्यवेक्षक, एटीएम, बीटीएम सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी शामिल थे।



