जेसीबी लदा ट्रेलर बना आफत, बिजली का खंभा तोड़कर भागा, कमलपुर थाना गेट पर धराया, सड़क जाम

Patamda: पटमदा–काटिन लिंक रोड पर सोमवार दोपहर करीब एक बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पटमदा थाना क्षेत्र के माचा गांव में जेसीबी मशीन लदा एक ट्रेलर अत्यधिक ऊंचाई के कारण बिजली के तार से टकरा गया, जिससे बिजली का खंभा टूटकर सड़क पर गिर पड़ा। इसके बावजूद चालक वाहन को रोके बिना तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने शोर मचाकर चालक को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह ट्रेलर लेकर आगे बढ़ता रहा। सूचना मिलते ही कमलपुर थाना पुलिस ने थाना गेट पर वाहन को रोक लिया और बाद में उसे पटमदा पुलिस के हवाले कर दिया।
गनीमत रही कि ट्रेलर के करीब तीन किलोमीटर दूरी तय करने के दौरान विशेषकर बिड़रा गांव के मोड़ पर कोई चपेट में नहीं आया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उस समय कोई राहगीर या वाहन इसकी चपेट में आ जाता तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।
घटना के बाद सड़क पर बिजली का खंभा गिर जाने से मुख्य मार्ग अवरुद्ध हो गया है। छोटे वाहन फिलहाल बाईपास मार्ग से आवागमन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पटमदा पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई तथा क्षतिग्रस्त खंभे को हटाकर यातायात बहाल करने का प्रयास जारी है।



