थाने से 500 मीटर दूर जूलरी दुकान में लाखों की चोरी, बारियादा में मोबाइल शॉप भी बनी निशाना

Patamda : बोड़ाम थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित बोड़ाम बाजार में सोमवार देर रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दे दी। अज्ञात चोरों ने एक जूलरी दुकान की टीन व एस्बेस्टस की छत काटकर अंदर प्रवेश किया और करीब पांच लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवर तथा 25 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए। इसी रात थाना क्षेत्र के बारियादा गांव स्थित एक मोबाइल दुकान में भी इसी तरीके से चोरी की घटना को अंजाम दिया गया, जहां से 31 हजार की नकदी के साथ कई मोबाइल फोन चोरी कर लिए गए।
बोड़ाम निवासी जूलरी व्यवसायी दीपक स्वर्णकार उर्फ डब्लू मंगलवार सुबह जब अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था। लॉकर और दराज की जांच करने पर करीब डेढ़ किलो चांदी के आभूषण, 15 ग्राम सोने के जेवर और 25 हजार रुपए नकद गायब मिले। इसके बाद उन्होंने तत्काल बोड़ाम थाना को सूचना दी। सूचना मिलते ही सुबह करीब नौ बजे पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच में आशंका जताई गई कि चोर छत काटकर दुकान के अंदर घुसे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद वे दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि उनकी पहचान न हो सके।
उधर, बोड़ाम थाना क्षेत्र के बारियादा गांव स्थित एक मोबाइल दुकान में भी चोरों ने टीन की छत तोड़कर प्रवेश किया और 31 हजार रुपए नकद के साथ कई मोबाइल फोन चोरी कर लिए। दोनों दुकानदारों ने बोड़ाम थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, रोजाना की तरह सोमवार रात करीब 11:30 बजे तक गश्ती दल ने क्षेत्र में गश्त की थी। वहीं, आसपास की चाय दुकानें रात करीब 2:30 बजे खुल गई थीं। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों वारदातें रात 11:30 बजे से 2:30 बजे के बीच अंजाम दी गईं। कई महीनों बाद बोड़ाम क्षेत्र में एक ही रात में दो चोरी की घटनाओं से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। थाना से बेहद कम दूरी पर स्थित जूलरी दुकान में लाखों की चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।



