पटमदा-बोड़ाम में झामुमो नेताओं व कार्यकर्ताओं ने निर्मल महतो को दी श्रद्धांजलि

Patamda: वीर शहीद निर्मल महतो के 39वें शहादत दिवस पर शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की पटमदा एवं बोड़ाम प्रखंड कमेटियों की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर स्थित निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। पटमदा प्रखंड अध्यक्ष अश्विनी महतो के नेतृत्व में रांगाटांड़ मोड़ स्थित निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘निर्मल महतो अमर रहें’ के नारे लगाए और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू, झामुमो नेता सुभाष कर्मकार, कालीपद महतो, सुजीत महतो, दयाल महतो समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इससे पूर्व शुक्रवार को काटिन में निर्मल महतो की प्रतिमा स्थल की साफ सफाई का कार्य मंटू महतो एवं गोपाल महतो के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने किया था।
इधर, बोड़ाम प्रखंड में प्रखंड अध्यक्ष दीपंकर महतो के नेतृत्व में बोड़ाम बाजार स्थित वीर शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। मौके पर जिला पार्षद प्रतिनिधि मानिक महतो, काजल सिंह, विनय मंडल समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद थे।



