पटमदा में पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा में सफल दर्जनों विद्यार्थी सम्मानित
Patamda: पटमदा के लोवाडीह में रविवार को शहीद निर्मल महतो स्मृति एंड एजुकेशन ट्रस्ट तथा टैलेंट सर्च एकाडेमी के संयुक्त तत्वावधान में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा-2026 में सफल दर्जनों विद्यार्थियों को डायरी और पेन देकर सम्मानित किया गया। संस्था द्वारा पिछले कई महीनों से लोवाडीह में पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा की निशुल्क कोचिंग संचालित की जा रही थी। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन कक्षाएं भी आयोजित की गईं। शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की नियमित मेहनत का परिणाम रहा कि बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल की।
समारोह में अतिथियों और शिक्षकों ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सफलता निरंतर मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन का परिणाम होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस सफलता को आगे की यात्रा की शुरुआत मानते हुए पढ़ाई में निरंतर जुटे रहने की अपील की। संस्था के सदस्य शिक्षक डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि आने वाले दिनों में इसी केंद्र पर मैट्रिक एवं इंटर स्तर की विभिन्न सरकारी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए संस्था लगातार प्रयासरत है। मौके पर शिक्षक प्रवीण कुमार, समाजसेवी विश्वनाथ महतो, जयराम महतो, प्रबोध कुमार महतो, मिहिर कुमार महतो, पूर्ण चंद्र महतो, विनय कुमार महतो, असित कुमार महतो, बृंदावन महतो सहित सफल विद्यार्थियों के अभिभावक एवं अन्य लोग उपस्थित थे।



