हाईटेंशन तार की चपेट में आने से बंगाल के मजदूर की मौत, निर्माणाधीन मकान में कर रहा था सेंट्रिंग का काम
Jamshedpur: मानगो थाना क्षेत्र के कुमरुम बस्ती में सोमवार दोपहर निर्माणाधीन मकान में सेंट्रिंग का काम कर रहे मजदूर अरविंद महतो (33) की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे में वह बुरी तरह झुलस गया। घटना के बाद उसे इलाज के लिए टीएमएच ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांस थम गई। इसके बाद करीब डेढ़ बजे उसे एमजीएम अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अरविंद मूल रूप से बंगाल के आमड़ाबेड़ा का रहने वाला था और पिछले करीब 10 वर्षों से जमशेदपुर में मजदूरी कर रहा था। वह फदलोगोड़ा के समीप रांगाखेन्ना गांव में अपने रिश्तेदार के घर रहकर काम करता था। सोमवार को वह कुमरुम बस्ती निवासी निमाई महतो के निर्माणाधीन मकान में पिलर के गेट के लिए सेंट्रिंग का काम कर रहा था। उसके साथ एक महिला मजदूर भी काम कर रही थी। बताया गया कि काम रविवार से शुरू हुआ था।
निर्माणाधीन मकान की बाउंड्री के ऊपर से हाईटेंशन बिजली तार गुजर रहा है। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे काम के दौरान अरविंद तार की चपेट में आ गया। तेज आवाज सुनने के बाद निमाई महतो के चचेरे भाई ने उन्हें घटना की जानकारी दी। अरविंद के चाचा नीलकमल महतो ने बताया कि हादसा दोपहर करीब 12 बजे हुआ। परिजनों के अनुसार अरविंद के पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। घटना की सूचना पाकर अरविंद के पिताजी निवारण महतो समेत कई परिजन अस्पताल पहुंच चुके हैं। वह पिछले 8 दिनों पूर्व अपने गांव से धनरोपनी कर लौटा था। उसका पूरा परिवार गांव में ही रहता है और सप्ताह में एक- दो दिन के लिए गांव जाता था।



