आसरा ने काशीडीह सहित ग्रामीण केंद्रों में उत्साह से मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस
Patamda : सामाजिक संस्था आसरा की ओर से 15 अगस्त को काशीडीह स्थित मुख्य परिसर सहित विभिन्न ग्रामीण केंद्रों में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह काशीडीह स्थित आसरा के परिसर में आयोजित हुआ, जहां बुजुर्गों, महिला समूहों की सदस्यों और बच्चों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में नजर आया। कार्यक्रम ने सामाजिक एकता, सामुदायिक सहभागिता और सशक्तीकरण का संदेश दिया। वहीं, संस्था के ग्रामीण केंद्रों चुड़दा, बुरुडीह, लोवाडीह और जोड़सा में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए गए। केंद्र प्रभारियों और शिक्षकों ने बच्चों के साथ ध्वजारोहण किया तथा उनके बीच मिठाइयां वितरित कीं।
आसरा के स्टेट हेड सत्यजीत कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें आत्मनिर्भर और सशक्त समाज के निर्माण की जिम्मेदारी का एहसास कराता है। काशीडीह के साथ चुड़दा, बुरुडीह, लोवाडीह और जोड़सा में बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को एक साथ तिरंगा फहराते देखना प्रेरणादायी है। उन्होंने ग्रामीण केंद्रों के शिक्षकों और प्रभारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयास से राष्ट्रीय पर्व का संदेश बच्चों और ग्रामीण समुदाय तक पहुंच रहा है। आसरा शिक्षा, कौशल विकास और सामाजिक उत्थान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। संस्था का उद्देश्य ग्रामीण समुदायों में जागरूकता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।








