पटमदा के ठनठनी घाटी में सब्जियों से लदा पिकअप वैन पलटा, 13 किसान घायल


Patamda : टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर ठनठनी घाटी के समीप रविवार अहले सुबह करीब चार बजे सब्जियों से लदा एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में वैन पर सवार 13 महिला-पुरुष किसान घायल हो गए। सभी घायल पटमदा की लच्छीपुर एवं जोड़सा पंचायत के विभिन्न गांवों के रहने वाले बताए गए हैं और सब्जियां लेकर जमशेदपुर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विपरीत दिशा से आ रहे एक हाइवा को बचाने के दौरान पिकअप वैन चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद वाहन सड़क पर पलट गया।
हादसे में भाग्यधर महतो, मंगल हांसदा, सुकुरमनी मुर्मू और लीलमणि हांसदा समेत 13 लोग घायल हुए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए माचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।








