पॉकेट में ब्लेड मारकर पर्स उड़ाया, एमजीएम अस्पताल में शातिर चोर ने दिया घटना को अंजाम
Jamshedpur : डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चोरी की बढ़ती घटनाओं ने मरीजों और उनके परिजनों की परेशानी बढ़ा दी है। अस्पताल परिसर में आए दिन चोरी की घटनाएं सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। ताजा मामला सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे का है। एनआईसीयू वार्ड के बाहर दूसरे तल्ले में चार्जिंग पर लगा एक युवक का मोबाइल फोन अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर लिया। घटना की जानकारी अस्पताल में तैनात सुरक्षाकर्मियों और अधीक्षक को दी गई। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई गई, जिसमें एक अज्ञात युवक मोबाइल फोन चोरी करते हुए दिखाई दे रहा है।
बताया जाता है कि एनआईसीयू में भर्ती नवजातों के परिजनों के ठहरने के लिए अस्पताल प्रबंधन की ओर से कूपन जारी किया जाता है, ताकि वार्ड के बाहर केवल अधिकृत परिजन ही रहें। इसके बावजूद कुछ बाहरी लोग इस क्षेत्र में अनधिकृत रूप से पहुंच जाते हैं, जिससे वहां भीड़ बढ़ जाती है। सुरक्षाकर्मियों द्वारा उन्हें हटाने का प्रयास किए जाने पर कई बार विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है। ऐसे में शरारती तत्वों और चोरी की नीयत से अस्पताल में आने वाले लोगों को इसका फायदा मिल जाता है।
वहीं, रविवार रात करीब नौ बजे दूसरे तल्ले में गायनिक वार्ड के बाहर सो रहे बोड़ाम प्रखंड के डांगरडीह गांव निवासी विनोद सिंह के साथ भी चोरी की घटना हुई। अज्ञात युवक ने ब्लेड से उनकी पैंट की जेब काटकर पर्स निकाल लिया। पर्स में करीब नौ हजार रुपये नकद, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड सहित अन्य जरूरी कागजात थे। विनोद को घटना की जानकारी तब हुई, जब उनके बहनोई खाना लेकर पहुंचे और उन्हें जगाया। घटना की जानकारी विनोद ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को दी, जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। दोनों मामलों में अस्पताल प्रबंधन की ओर से जांच की जा रही है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से मरीजों के परिजनों में भय और नाराजगी है। लोगों ने अस्पताल प्रबंधन से वार्डों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने, बाहरी लोगों के अनधिकृत प्रवेश पर रोक लगाने तथा सीसीटीवी निगरानी को प्रभावी बनाने की मांग की है।








