बोड़ाम में 490 आंदोलनकारियों को मिला सम्मान, विधायक मंगल कालिंदी ने बांटे प्रशस्ति पत्र

Patamda : सोमवार को बोड़ाम प्रखंड कार्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने भारी बारिश के बीच प्रखंड के विभिन्न गांवों से पहुंचे 490 आंदोलनकारियों के बीच प्रशस्ति पत्र का वितरण किया। वर्षों बाद सम्मान मिलने से आंदोलनकारियों के चेहरे पर खुशी और संतोष नजर आया। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार जताया। मौके पर विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि आंदोलनकारियों के संघर्ष और त्याग की बदौलत ही अलग झारखंड राज्य का निर्माण संभव हुआ। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार अलग झारखंड के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों को चिन्हित कर उन्हें मान-सम्मान, पेंशन और विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम कर रही है। यह सरकार की सराहनीय पहल है।
519 छात्र-छात्राओं को मिली साइकिल
कार्यक्रम के दौरान झारखंड सरकार के कल्याण विभाग की उन्नति का पहिया’ योजना के तहत बोड़ाम प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे 519 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण भी विधायक मंगल कालिंदी ने किया। साइकिल मिलने से विद्यार्थियों में उत्साह देखा गया। इस अवसर पर जिला पार्षद गीतांजलि महतो, प्रखंड प्रमुख ललिता सिंह, बीडीओ किकू महतो, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष दीपंकर महतो, पार्षद प्रतिनिधि माणिक चंद्र महतो, काजल सिंह, ईशान गोप, चित्तरंजन गोप, पुष्कर महतो एवं मनबोध महतो समेत अन्य लोग मौजूद थे। वहीं, पटमदा प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू ने आंदोलनकारियों के बीच प्रशस्ति पत्र का वितरण किया।








