बारिश के बावजूद पटमदा-बोड़ाम में हर्षोल्लास से पूजी गईं मां मनसा, 300 से 1300 रुपए में बिकी बत्तख
Patamda : बांग्ला सावन संक्रांति के अवसर पर मंगलवार को लगातार बारिश के बावजूद पटमदा एवं बोड़ाम प्रखंड के विभिन्न गांवों में सांपों की देवी मां मनसा की पूजा-अर्चना हर्षोल्लास के साथ की गई। श्रद्धालु रेनकोट और छाता लेकर पूजा सामग्री की खरीदारी करने बाजार पहुंचे। काटिन चौक पर लगने वाली साप्ताहिक हाट में भी बारिश के बीच श्रद्धालुओं ने मां मनसा की पूजा में चढ़ाने के लिए पूजन सामग्री के साथ बकरे और बत्तख की खरीदारी की। बाजार में बकरे की कीमत 3 हजार से 13 हजार रुपए, जबकि बत्तख 300 से 1300 रुपये तक में बिके।
पटमदा प्रखंड के गोलकाटा, गोपालपुर, बिड़रा, पटमदा बस्ती, जाल्ला, पाथरडीह, बेंझाम, रांगाटांड़, बिरखाम, बांसगढ़, सुंदरपुर, लच्छीपुर, कुमीर, बनकुंचिया और राहेड़डीह सहित बोड़ाम प्रखंड के सुसनी, रूपसान, कुईयानी, लावजोड़ा, माधवपुर और गौरडीह आदि गांवों में मां मनसा की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। मंगलवार देर शाम श्रद्धालुओं ने विभिन्न जलाशयों से कलश (बारी) लाकर मां मनसा देवी के समक्ष स्थापित की। इसके बाद रात में विशेष पूजा-अर्चना के साथ बकरे और बत्तख की बलि चढ़ाने की परंपरा निभाई गई। रात्रि जागरण के दौरान कई गांवों में मनसा मंगल जात्रा और नाटक का मंचन भी हुआ। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं में पूजा को लेकर उत्साह बना रहा।








