अज्ञात वाहन की चपेट में आने से पटमदा में युवक की मौत
Patamda : पटमदा-काटिन लिंक रोड पर अगाड़ा पुलिया के समीप शनिवार दोपहर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 45 वर्षीय रवींद्र माझी उर्फ हांगो, निवासी बारुबेड़ा गांव, गंभीर रूप से घायल हो गए। वह पटमदा थाना क्षेत्र की जोड़सा पंचायत के रहने वाले थे। घटना के बाद घायल रवींद्र काफी देर तक सड़क पर पड़े रहे। बताया गया कि सुनसान स्थान होने के कारण तत्काल उनकी मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। सूचना मिलने पर पटमदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से घायल को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पटमदा थाना पुलिस के अनुसार, मुखिया के माध्यम से मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ दुर्घटना में शामिल वाहन का पता लगाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल शव को एमजीएम अस्पताल के शीतगृह में रख दिया गया है।












