सेवा की मिसाल बनी टीम पीएसएफ, किडनी प्रत्यारोपण के लिए मरीज को दी 21 हजार की आर्थिक सहायता
Jamshedpur : श्री गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर आस्था के साथ मानव सेवा का भी अनूठा संगम देखने को मिला। प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन (टीम पीएसएफ) ने गणेश चतुर्थी के दिन किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे एक मरीज की मदद के लिए हाथ बढ़ाते हुए 21,001 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
सरायकेला-आदित्यपुर निवासी प्रशांत श्रीवास्तव (काल्पनिक नाम) लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। उनका किडनी प्रत्यारोपण 17 सितंबर को कोलकाता के आरएन टैगोर अस्पताल में प्रस्तावित है। उपचार में होने वाले खर्च को देखते हुए उन्हें आर्थिक सहयोग की आवश्यकता थी। इसकी जानकारी मिलने पर टीम पीएसएफ ने आगे बढ़कर सहयोग राशि प्रदान की।
इस अवसर पर टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार ने कहा कि पर्व-त्योहार का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होता है, जब उसे मानव सेवा के लिए समर्पित किया जाए। गणेश चतुर्थी केवल पूजा-अर्चना का पर्व नहीं, बल्कि जीवन की बाधाओं और विघ्नों को दूर करने का संदेश भी देता है। प्रशांत के जीवन में आए इस संकट को दूर करने में संस्था की ओर से छोटा सा सहयोग देना उनके लिए सच्ची गणेश पूजा है। उन्होंने कहा कि टीम पीएसएफ का प्रत्येक सदस्य मानव सेवा के लिए समर्पित है। ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ के संकल्प के साथ संस्था लगातार जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए कार्य कर रही है। इस दौरान टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार के अलावा दुर्गा प्रसाद दास, संजय चौधरी, डॉ. राजीव लोचन महतो, निखिल मंडल, रवि शंकर, निमीता प्रसाद, अनिरुद्ध सरकार, कृष्णा सिंह, दीपक कुमार मित्रा, पुलक कुमार सेनगुप्ता, मनोरंजन गौड़, अजित कुमार भगत, तन्मय रॉय, शुभेंदु मुखर्जी, रवि शंकर पात्रो और कुमारेस हाजरा उपस्थित थे।



