बूढ़ा बूढ़ी पहाड़ व जोभी जंगल से दो राइफल समेत भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद, संयुक्त सर्च अभियान में सफलता
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम पुलिस को नक्सल विरोधी संयुक्त सर्च अभियान में बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस, कोबरा, कोलकाता एसटीएफ और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम ने बुधवार को एमजीएम थाना क्षेत्र के छोटाबांकी व कुदलुंग गांव के समीप बूढ़ा-बूढ़ी पहाड़ तथा चाकुलिया थाना क्षेत्र के जोभी जंगल में सघन सर्च अभियान चलाया। अभियान सुबह करीब पांच बजे से शाम चार बजे तक चला।
सूत्रों के अनुसार, भाकपा माओवादी से जुड़े मंगल महतो और मालती मुर्मू को पश्चिम बंगाल पुलिस द्वारा हिरासत में लेकर किए गए पूछताछ के दौरान काफी अहम जानकारी मिली है। चर्चा यह भी थी कि कोलकाता एसटीएफ 2.20 करोड़ के इनामी नक्सली असीम मंडल उर्फ आकाश को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न इलाकों में तलाशी अभियान चलाएगी लेकिन चूंकि असीम के अंगरक्षक रहे मालती और मंगल को भी उन ठिकानों की पूरी जानकारी थी जहां से हथियार और गोला बारूद बरामद किए गए हैं इसलिए असीम को साथ नहीं लाया गया। पश्चिम बंगाल के एसटीएफ के साथ संयुक्त कार्रवाई में दोनों की निशानदेही पर दुर्गम पहाड़ी और जंगल क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध ठिकानों की गहन तलाशी में छिपाकर रखे गए हथियार और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किए गए।
कुदलुंग स्थित बूढ़ा-बूढ़ी पहाड़ से एक इंसास राइफल, 85 चक्र गोली, तीन मैगजीन और एक सीलिंग बरामद की गई। वहीं चाकुलिया के जोभी जंगल से एक एकेएम राइफल, 147 चक्र गोली और दो मैगजीन बरामद हुईं। इस प्रकार संयुक्त अभियान में कुल दो राइफल, 232 चक्र गोली, पांच मैगजीन और एक सीलिंग बरामद की गई है। बरामद हथियारों और गोला-बारूद को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया गया है। अभियान में पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार, एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास, बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार, चाकुलिया थाना प्रभारी राजेश कुमार समेत एमजीएम थाना के पुलिस पदाधिकारी तथा कोबरा, एसटीएफ और झारखंड जगुआर के जवान शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि बरामद सामग्री के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई और अनुसंधान जारी है। क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सर्च अभियान और निगरानी आगे भी जारी रहेगी।




