बनकुंचिया में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत विद्यार्थियों को दी गई विधिक कानूनों की जानकारी
Patamda: सुरक्षित बचपन अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी के निर्देशानुसार मध्य विद्यालय बनकुंचिया में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डालसा की एलएडीसी रंजना पांडेय ने विद्यार्थियों को डालसा की कार्यप्रणाली के साथ पोक्सो कानून, बाल विवाह, बाल श्रम, साइबर अपराध और मानव तस्करी जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और कानून के प्रावधानों से अवगत कराते हुए विभिन्न प्रकार के आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। साथ ही किसी भी प्रकार की परेशानी या शोषण की स्थिति में बिना डर के सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्रधानाध्यापक अजीत सिंह, शिक्षक सुभाष महतो एवं संतोष कुमार महतो के अलावा पीएलवी शिव शंकर महतो, लक्ष्मीकांत गोप और बुद्धेश्वर मुर्मू का सराहनीय योगदान रहा।












