लायाडीह मामले में कमलपुर पुलिस का बड़ा खुलासा: माता-पिता पर ही नाबालिग कनकलता की हत्या का आरोप, भेजे गए जेल
14 वर्षीय कनकलता का घर में डंडे से सिर पर वार कर किया था कत्ल, शव बंद पत्थर खदान में फेंक रची थी गुमशुदगी की कहानी
Patamda: कमलपुर थाना क्षेत्र के लायाडीह स्थित बंद पत्थर खदान से 14 वर्षीय कनकलता मुर्मू का शव मिलने के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए उसके माता-पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, पिता रवींद्र मुर्मू ने मां सुमानी मुर्मू के साथ मिलकर घर में ही डंडे से सिर पर वार कर बेटी की हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को गांव के बंद पत्थर खदान में फेंक दिया और उसके लापता होने की झूठी कहानी रची। पुलिस के मुताबिक, घटना 10 नवंबर की है। किसी बात को लेकर नाराज पिता ने मां के साथ मिलकर कनकलता के सिर पर डंडे से वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद देर रात शव को खदान में फेंक दिया गया। परिजनों ने न तो इसकी सूचना ग्राम प्रधान और मुखिया को दी और न ही पुलिस को कोई जानकारी दी। गौरतलब है कि 13 नवंबर को ओड़िया पंचायत के लायाडीह गांव स्थित महीनों से बंद पड़े पत्थर खदान के गहरे पानी से कनकलता का शव बरामद किया गया था। वह गेरुवाला उत्क्रमित मध्य विद्यालय में आठवीं कक्षा की छात्रा थी। शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को घेरकर खदान के गड्ढों को भरने, खदान मालिक को मौके पर बुलाने और मृतका के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की थी। इस दौरान अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच देर शाम तक वार्ता चली थी।
पुलिस के अनुसार, शव बरामदगी के समय ही परिजनों के व्यवहार को लेकर संदेह हुआ था, लेकिन ठोस साक्ष्य के अभाव में तत्काल कार्रवाई संभव नहीं थी। इसके बाद पुलिस ने करीब 10 दिनों तक लगातार जांच की और कई लोगों से पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्य जुटाने के बाद जब माता-पिता से पूछताछ की गई तो दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इधर, घटना को लेकर ग्रामीणों ने 14 नवंबर को टाटा-काटिन मुख्य सड़क जाम कर पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था। ग्रामीणों ने पुलिस पर शव को चोरी-छिपे ले जाने का आरोप लगाते हुए 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग की थी। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। इस संबंध में कमलपुर थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने बताया कि हत्यारोपी माता-पिता को गिरफ्तार करते हुए गुरुवार को जेल भेज दिया गया है और जांच जारी है।











