क्षेत्र के उपभोक्ताओं की बढ़ी परेशानी, बिजली आपूर्ति शुरू कराने के लिए लगे रहे कर्मचारी
Patamda: लगातार बारिश के दौरान पटमदा प्रखंड के बिड़रा पंचायत में कई कच्चे मकानों की दीवारें गिरने से लोग बेघर हो गए। इसकी सूचना मिलते ही सोमवार को उप मुखिया गोपाल गोराई ने गांवों का दौरा किया और स्थल निरीक्षण किया। माचा गांव में शत्रुघ्न सहिस का कच्चा मकान बीती रात 10 बजे अचानक ढह गया जिसमें सभी लोग रहते थे। बिड़रा गांव की सारथी महतो का कच्चा मकान बीते तीन दिनों की बारिश के कारण ढह चुका है। मकान के जो अवशेष बचे हैं उसमें रहना मजबूरी हो गया है और उससे बड़ी दुघर्टना होने का खतरा है। परिवार में उनकी दो बेटियां हैं। श्रीदाम मोदक जो खुद अपाहिज हैं, उनके कच्चा मकान का दीवार ढह गया है। घर का बाकी हिस्सा भी गिरने का खतरा बना हुआ है। घर में उनकी पत्नी के अलावा एक लड़का है। इसी तरह गांव के लखन मोदक का मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया है। उप मुखिया गोपाल गोराई ने सीओ को इस बात की जानकारी देते हुए मुआवजे की मांग की है। इस संबंध में सीओ विजय कुमार महतो ने आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजा राशि देने का आश्वासन दिया है।


