सुखराम हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
Chandil : चांडिल थाना क्षेत्र के काटिया स्टेडियम के बगल में स्थित एक खेत से 20 फरवरी को बरामद एक अज्ञात शव के मामले में पुलिस ने गुरुवार को खुलासा कर दिया है। घटना में चांडिल पुलिस ने मामला दर्ज करने के पश्चात अनुसंधान शुरू किया। अनुसंधान के क्रम में तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्य के आधार पर कुचाई थाना क्षेत्र के सियाडीह निवासी बिक्रम मुंडा उर्फ टिक्का मुंडा को पूछताछ हेतु थाना लाया गया। उसने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह और सुखराम गोप एक ही कंपनी क्रिस्टल थर्मोकोल फैक्ट्री काटिया में कार्य करते थे। 18 फरवरी को उसने एक मोबाइल खरीदा था। उक्त मोबाइल एवं नगद 9 हजार 5 सौ रुपये सुखराम गोप द्वारा चोरी कर ली गई थी। इसका बदला लेने के लिए विक्रम मुंडा उर्फ टिक्का मुंडा ने अपने अन्य चार साथियों के साथ मिलकर सुखराम गोप की हत्या पत्थर से कुचलकर कर दिया।
चांडिल पुलिस ने कांड का खुलासा करते हुए विक्रम मुंडा उर्फ टिक्का मुंडा को गिरफ्तार करते हुए कांड में प्रयुक्त पत्थर को विधिवत जब्त कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जबकि कांड में शामिल अन्य सहयोगियों के विरुद्ध पुलिस द्वारा छापेमारी एवं अग्रेत्तर कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरबिंद कुमार विन्हा, पुलिस निरीक्षक अजय कुमार, चांडिल थाना प्रभारी डिलसन बिरुआ व राहुल कुमार भारती आदि शामिल थे।





