सहायक आचार्य बनने के बाद बोड़ाम में ग्राम प्रधान विश्वनाथ महतो ने सौंपा इस्तीफा
Patamda : बोड़ाम प्रखंड के चिरुडीह गांव के ग्राम प्रधान विश्वनाथ महतो ने शनिवार को बीडीओ सह प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी किकू महतो को अपना इस्तीफा पत्र सौंप दिया। उन्होंने सहायक आचार्य पद पर नियुक्ति होने के बाद ग्राम प्रधान पद से त्यागपत्र दिया है। विश्वनाथ महतो ने अपने इस्तीफा पत्र में उल्लेख किया है कि झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत 26 दिसंबर 2025 को उनकी नियुक्ति सहायक आचार्य के पद पर हुई है। नई जिम्मेदारी मिलने के कारण उन्होंने फिलहाल ग्राम प्रधान पद से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है।
उन्होंने पत्र में यह भी कहा है कि झारखंड सरकार के पेसा एक्ट के तहत अनुसूचित क्षेत्रों में पारंपरिक ग्राम प्रधान व्यवस्था का प्रावधान है। ग्राम प्रधान पद के सुचारू संचालन के लिए उन्होंने अपने बड़े भाई विभीषण महतो को सेवानिवृत्ति तक कार्यपालक ग्राम प्रधान के रूप में प्रतिनियुक्त किए जाने का प्रस्ताव रखा है। गौरतलब है कि विश्वनाथ महतो लंबे समय से गांव के पारंपरिक ग्राम प्रधान के रूप में सामाजिक एवं प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे थे। अब शिक्षा विभाग में सहायक आचार्य के रूप में नई भूमिका मिलने पर उन्होंने प्रशासन को औपचारिक रूप से इस्तीफा सौंप दिया।




