मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आदेश का असर, जिला प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों से मंगा रहे बिजली की रिपोर्ट
पटमदा में 6 घंटे ठप रही बिजली आपूर्ति, बीडीओ ने जिला मुख्यालय को भेजी रिपोर्ट
Patamda: राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद अब उपायुक्त के आदेश पर प्रत्येक प्रखंड से प्रतिदिन बिजली आपूर्ति की स्थिति संबंधी रिपोर्ट जिला मुख्यालय को भेजी जा रही है। शनिवार को पटमदा सीओ सह प्रभारी बीडीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने जिला मुख्यालय को भेजी रिपोर्ट में बताया कि पटमदा क्षेत्र में करीब छह घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। वहीं, बोड़ाम बीडीओ किकू महतो ने भी अपने क्षेत्र में लंबे समय तक बिजली कटौती होने की जानकारी देते हुए रिपोर्ट प्रेषित की है। जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग की ओर से शुक्रवार को पूर्व सूचना जारी कर बताया गया था कि मेंटेनेंस कार्य के कारण सुबह 8 बजे से 11 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। हालांकि निर्धारित समय पर कार्य पूरा नहीं हो सका, जिसके कारण करीब छह घंटे बाद जाकर बिजली आपूर्ति सामान्य हो पाई।
इधर, शनिवार देर शाम करीब 6 बजे शुरू हुई आंधी और बारिश के कारण एक बार फिर बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। शाम साढ़े 7 बजे तक क्षेत्र में बिजली बहाल नहीं हो सकी थी।
बिजली विभाग के सूत्रों ने बताया कि पटमदा, काटिन एवं बोड़ाम क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर पेड़ों की डालियों की छंटाई तथा जर्जर तारों को बदलने का कार्य दोपहर तक चलता रहा, जिसके कारण दोपहर 2 बजे के बाद ही बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। वहीं, शाम में मौसम खराब होने और आंधी-बारिश के कारण संभावित खतरे को देखते हुए एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद रखी गई। विभाग का कहना है कि मौसम सामान्य होते ही रात में आपूर्ति फिर से चालू कर दी जाएगी।




