गुमटी की आड़ में गांजा व नशीली सिरप का कारोबार, पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में छापेमारी, आरोपी गिरफ्तार
2.060 किलो गांजा, 7 बोतल नशीली सिरप समेत नकद व अन्य सामान बरामद
Jamshedpur : पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एमजीएम थाना क्षेत्र के बालीगुमा स्थित एनएच-33 किनारे एक गुमटी से गांजा और प्रतिबंधित नशीली सिरप बरामद की है। पुलिस ने मौके से नितेश कुमार झा उर्फ राजू झा (34) को गिरफ्तार किया है। ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने बताया कि शनिवार को गुप्त सूचना मिली थी कि किया कार शोरूम के पास बिस्किट-चॉकलेट की गुमटी की आड़ में नितेश कुमार झा गांजा और प्रतिबंधित नशीली सिरप की बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने गुमटी की घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान 2 किलो 60 ग्राम गांजा, प्रतिबंधित सिरप 100 एमएल की सात बोतलें और 3,320 रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, 11 मिट्टी के चिलम और एक स्मार्टफोन भी जब्त किया गया।
पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजे में 790 ग्राम छोटे-छोटे पुड़ियों में तथा 1.270 किलो हरे रंग की पॉलीथिन में रखा हुआ था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अन्य लोगों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से गांजे का कारोबार करने की जानकारी दी है। पुलिस अब इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। इस संबंध में एमजीएम थाना कांड संख्या 90/2026, दिनांक 8 अगस्त 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। छापामारी दल में पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार, एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास, पुअनि आनंद कुमार, सअनि मो. माजिद उद्दीन, सअनि नरेंद्र बिहारी सिंह समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।



