अंबेडकर जयंती पर पटमदा एवं बोड़ाम में सैकड़ों लोगों ने किया बाबा साहेब को याद
Patamda : काटिन चौक में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर सादगीपूर्ण एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने बाबा साहेब के जीवन एवं संघर्षों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति को न्याय दिलाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। शिक्षा, समानता और अधिकारों के लिए उनका संघर्ष आज भी समाज को दिशा देता है। जितुलाल मुर्मू ने “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” के संदेश को दोहराते हुए कहा कि यह विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने समाज में भाईचारा, समरसता और विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान बांगुड़दा के मुखिया ने प्रतिमा स्थल के चारों ओर बेदी निर्माण, सौंदर्यीकरण एवं छज्जा निर्माण कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस स्थल को विकसित कर प्रेरणा केंद्र बनाया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां बाबा साहेब के आदर्शों से प्रेरणा ले सकें। इस अवसर पर युवाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक रहने, भेदभाव मिटाने और क्षेत्र के विकास के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ने का संकल्प दिलाया गया। अंत में सभी ने बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने और उनके सपनों का भारत बनाने का संकल्प लिया। मौके पर मृत्युंजय महतो, सुभाष सिंह सरदार, स्वपन गोप, पंचानन महतो, धनिकलाल महतो, सागर माण्डी, रामपद महतो, सिजेन हेंब्रम, मिहिर रजक, बुद्धेश्वर महतो, बिरसा हांसदा, सिराजउद्दीन, सागेन बेसरा, अमर सोरेन, फूलचाँद महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

बोड़ाम बाजार स्थित अंबेडकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए झारखंड आंदोलनकारियों एवं अन्य लोगों ने बाबा साहेब को याद किया एवं उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। मौके पर मुख्य रूप से पंसस महापद सिंह, चित्तरंजन गोप, श्यामापद रजक, आशुतोष महतो, गणेश चंद्र महतो समेत काफी संख्या में लोग शामिल थे।






























