अवैध पत्थर लदे ट्रैक्टर का कहर: पटमदा में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत
Patamda : टाटा–पटमदा मुख्य सड़क पर बामनी गांव के समीप मंगलवार रात करीब 8 बजे एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।स्थानीय लोगों के अनुसार, ठनठनी घाटी क्षेत्र की अवैध पत्थर खदान से पत्थर (चेली) लादकर बामनी की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने विपरीत दिशा से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर पर गहरी चोट लगी और वे लहूलुहान हालत में वहीं पड़े रहे। हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन को बामनी गांव स्थित एक स्कूल के पीछे खेत में छिपाकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पटमदा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल एमजीएम अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों में एक की पहचान पश्चिम बंगाल के बलरामपुर थाना क्षेत्र के मालती गांव निवासी चुनू सिंह सरदार के 20 वर्षीय पुत्र सुमित सिंह सरदार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह अपने एक मित्र के साथ बुरूडीह स्थित मामा घर आया हुआ था। जबकि दूसरे युवक की पहचान बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत पंचियाडीह निवासी सुखदेव सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग अवैध खनन और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने खाली ट्रैक्टर और बाइक को जब्त कर लिया है।






























