शहीद स्मारक समिति ने वीर शहीद निर्मल महतो को दी श्रद्धांजलि
Patamda : वीर शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस के अवसर पर शनिवार को शहीद स्मारक समिति की ओर से पटमदा एवं बोड़ाम प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। समिति के सदस्यों ने विभिन्न स्थानों पर स्थापित वीर शहीद निर्मल महतो की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके संघर्ष, त्याग एवं बलिदान को याद किया।
समाजसेवी विश्वनाथ महतो के नेतृत्व में समिति के सदस्यों ने पटमदा प्रखंड के पश्चिम बंगाल सीमा से सटे ओड़िया पंचायत के वनडीह मोड़, कमलपुर पंचायत के चड़कपाथर, बोड़ाम के गागीबुरु तथा पटमदा के रांगाटांड़ स्थित निर्मल महतो की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर विश्वनाथ महतो ने कहा कि वीर शहीद निर्मल महतो ने झारखंड के अधिकार, अस्मिता, जल-जंगल-जमीन तथा शोषित-वंचित लोगों की आवाज को बुलंद करने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनकी शहादत झारखंड के इतिहास की महत्वपूर्ण विरासत है। उन्होंने सरकार से निर्मल महतो की हत्या की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) से कराने तथा उन्हें आधिकारिक रूप से शहीद का दर्जा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि शहादत दिवस महज श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर नहीं है, बल्कि यह शहीदों के अधूरे सपनों और उनके संघर्षों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का दिन भी है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने निर्मल महतो के आदर्शों को आत्मसात करने और उनके सपनों के झारखंड के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में समाजसेवी विश्वनाथ महतो, ईशान चंद्र मुर्मू, मणिक चंद्र बेसरा, शिवशंकर महतो, उत्तम महतो, असित महतो, गोपाल गोराई, तपन महतो, जितेंद्र मुर्मू, छुटू महतो, अजय मुर्मू, हरिपद सबर, स्वपन कर्मकार, सुभाष महतो, दीपक महतो, सर्वेश्वर महतो, बंकिम महतो, उदय महतो, सुसीना महतो सहित शहीद स्मारक समिति के सदस्य एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।



