रामदास सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर प्रतिमा का अनावरण, संघर्ष और योगदान को किया गया याद
Jamshedpur : झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता एवं पूर्व मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर शनिवार को जमशेदपुर में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर टेल्को के खड़ंगाझाड़ में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। प्रतिमा का अनावरण मंत्री दीपक बिरुआ ने किया। कार्यक्रम में स्व रामदास सोरेन के पुत्र सह घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, पोटका विधायक संजीव सरदार, ईचागढ़ विधायक सविता महतो सहित झारखंड मुक्ति मोर्चा के कई नेता, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे। प्रतिमा अनावरण के बाद नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय रामदास सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके संघर्ष, विचारों और झारखंड आंदोलन में दिए गए योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पार्टी समर्थक भी शामिल हुए।
झारखंड आंदोलन में रामदास सोरेन का महत्वपूर्ण योगदान : दीपक बिरुआ
मंत्री दीपक बिरुआ ने कहा कि स्वर्गीय रामदास सोरेन झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शामिल थे। उन्होंने झारखंड के निर्माण और राज्य के हितों के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी पहली पुण्यतिथि पर उनके संघर्ष और कार्यों को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया है। पुण्यतिथि के अवसर पर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय रामदास सोरेन के विचारों एवं संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि झारखंड के लिए उनके योगदान और संघर्ष की गाथा आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना समाज और राज्य की जिम्मेदारी है। मौके पर झामुमो के वरिष्ठ नेता मोहन कर्मकार, बाघराय मार्डी, जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन, चंद्रशेखर टुडू, प्रमोद लाल, कालीपद गोराई, काबलू महतो, पिंटू दत्ता, अजय रजक, सुभाष कर्मकार, प्रह्लाद लोहरा, प्रीतम हेंब्रम व उज्ज्वल दास आदि मौजूद थे।








