पटमदा के जोड़सा में आंगनबाड़ी भवन निर्माण पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने बीडीओ से की जांच की मांग
घटिया निर्माण, पानी की टंकी, पाइपलाइन व मोटर हटाने का आरोप
Patamda: पटमदा प्रखंड अंतर्गत जोड़सा टोला बिरखाम स्थित आंगनबाड़ी केंद्र (कोड संख्या-20357090218) के भवन निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों ने बीडीओ को लिखित शिकायत सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप नहीं किया गया है, जिससे भवन की मजबूती और गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि निर्माण कार्य के दौरान केंद्र में पहले से लगी पानी की टंकी, पाइपलाइन और मोटर को ठेकेदार द्वारा उखाड़कर ले जाया गया। ग्रामीणों के अनुसार, पेयजल व्यवस्था समाप्त होने से आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों, सेविका और सहायिका को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने मांग की है कि पानी की टंकी, पाइपलाइन और मोटर को तत्काल पुनः स्थापित किया जाए तथा भवन निर्माण में हुई सभी कमियों को शीघ्र दूर किया जाए। बीडीओ को ज्ञापन सौंपने वालों में आंगनबाड़ी सेविका मालती कुमारी, अनादि कुंभकार, कृष्णपद गोराई, रघुनाथ कुंभकार, श्रीकांत कुंभकार, शिव शंकर कुंभकार, कार्तिक महतो और लक्ष्मीकांत कुंभकार सहित अन्य ग्रामीण शामिल थे।



