सड़क दुर्घटना में घायल एक युवक रिम्स रेफर, इलाज में लापरवाही का आरोप
Patamda: कमलपुर थाना क्षेत्र के काटिन चौक पर शनिवार देर शाम हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए संजय सिंह और मंटू महतो का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। दुर्घटना के बाद दोनों को बेहतर उपचार के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया था। हालांकि, धातकीडीह टोला काशीडीह निवासी मंटू महतो को परिजनों ने टीएमएच, जमशेदपुर में भर्ती कराया, जबकि आर्थिक तंगी के कारण नहचीबेड़ा निवासी संजय सिंह को रिम्स ले जाया गया।
रविवार को रिम्स में मौजूद संजय सिंह की मां प्रमिला सिंह और उनके रिश्तेदार संजय सिंह ने भाजपा नेता संदीप कुमार मिश्रा से शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि अस्पताल पहुंचने के 12 घंटे बाद भी न तो मरीज को भर्ती किया गया और न ही उपचार शुरू किया गया। शिकायत मिलने के बाद भाजपा नेता संदीप कुमार मिश्रा ने केंद्रीय मंत्री संजय सेठ के निजी सचिव संजय पोद्दार को मामले से अवगत कराते हुए घायल मरीज को शीघ्र भर्ती कर समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।
इस मामले में संदीप कुमार मिश्रा ने आरोप लगाया कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। उनका कहना है कि गंभीर रूप से घायल मरीज का रिम्स जैसे राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में समय पर इलाज नहीं होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।



