माचा मध्य विद्यालय बिड़रा विद्यालय में बच्चों ने देशभक्ति, शिक्षा और स्वच्छता का दिया संदेश

Patamda : स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को मध्य विद्यालय माचा बिड़रा में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, शिक्षा और स्वच्छता पर आधारित रंगारंग एवं जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किया। बच्चों ने शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों को समर्पित देशभक्ति कार्यक्रमों के साथ शिक्षा के महत्व और स्वच्छता पर नाटक व अभिनय के माध्यम से प्रभावी संदेश दिया। बच्चों ने ग्रामीणों को गांव, सड़क, नाली और घर-आंगन स्वच्छ रखने तथा गंदगी से होने वाली बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया। साथ ही सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाकर आसपास गंदगी नहीं फैलाने का संकल्प कराया।
कार्यक्रम में पंचायत के उप मुखिया गोपाल गोराई और ग्राम प्रधान विकास महतो मौजूद रहे। दोनों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों की प्रतिभा निखारने के साथ समाज को भी सकारात्मक संदेश देते हैं। अंत में गोपाल गोराई एवं विकास महतो ने बच्चों के बीच पुरस्कार वितरित किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पूजा महतो, पूर्णिमा गोराई, संगीता सिंह और पूर्ण चंद्र महतो सहित अन्य प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की सफलता पर ग्रामीणों ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक मुकुर सोरेन और शिक्षिका प्रतिमा कुंभकार को बधाई दी। बच्चों की प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर देशभक्ति, उत्साह और उमंग से भर गया।



