पटमदा की तीन विकास परियोजनाओं की शिकायत पर उपायुक्त का त्वरित संज्ञान, विभाग को शीघ्र कार्रवाई का निर्देश
Jamshedpur : पटमदा प्रखंड क्षेत्र की तीन महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं में निर्माण की गुणवत्ता, कार्य में विलंब और अधूरे निर्माण को लेकर की गई शिकायत पर पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने त्वरित संज्ञान लिया है। समाजसेवी विश्वनाथ महतो एवं यामिनी महतो द्वारा सौंपे गए ज्ञापन के आधार पर उपायुक्त ने संबंधित विभाग को मामला अग्रसारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई कर जल्द समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
ज्ञापन में जोड़सा पंचायत के तुंगबुरु गांव में तीन करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्माणाधीन स्टेडियम की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उच्चस्तरीय तकनीकी जांच की मांग की गई है। ग्रामीणों के अनुसार स्टेडियम की गैलरी समेत कई स्थानों पर पेवर्स ब्लॉक धंसने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। शिकायतकर्ताओं ने निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, डीपीआर, प्राक्कलन, माप पुस्तिका एवं भुगतान संबंधी अभिलेखों की जांच कराने की भी मांग की है।
वहीं कुमीर-महुलतल क्षेत्र के खेजुरडीह नाला पर करीब तीन करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन पुल लगभग चार वर्षों से अधूरा होने का मामला भी उठाया गया है। पुल का निर्माण पूरा नहीं होने के कारण दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को जर्जर एवं कच्चे रास्ते से आवागमन करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में कीचड़ और जलजमाव के कारण परेशानी और बढ़ गई है। इसके अलावा बेलटांड़ चौक से रघुनाथपुर चौक तक अधूरे पीसीसी सड़क निर्माण को शीघ्र पूरा कराने की मांग की गई है। यह मार्ग ग्रामीणों, विद्यार्थियों, मरीजों, किसानों और व्यापारियों के लिए महत्वपूर्ण आवागमन मार्ग है। उपायुक्त द्वारा मामले का त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को कार्रवाई का निर्देश दिए जाने के बाद क्षेत्रवासियों में विकास कार्यों के जल्द पूरा होने और निर्माण संबंधी शिकायतों के समाधान की उम्मीद जगी है। अब ग्रामीणों की नजर संबंधित विभाग की अगली कार्रवाई पर है।



