पटमदा में सर्पदंश और सड़क दुर्घटना के छह मृतकों के आश्रितों को मिला मुआवजा
Patamda : झारखंड सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से सर्पदंश और सड़क दुर्घटना में मृत छह लोगों के आश्रितों को योजना के तहत मुआवजा राशि का लाभ दिया गया। पटमदा अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास की ओर से विधायक प्रतिनिधि एवं झामुमो नेता सुभाष कर्मकार के हाथों लाभुकों को प्रतीकात्मक चेक प्रदान कर सौंपे गए।
सर्पदंश से मृत अमजना बीबी के पति इमांदी मियां, चिंतामणि की माता कल्पना मांझी तथा सुबिता सबर के पति दुर्योधन सबर को चार-चार लाख रुपए का चेक दिया गया। वहीं, सड़क दुर्घटना में मृत खेडुआ निवासी कार्तिक महतो की पत्नी रेणुका महतो, जाल्ला निवासी तरणी महतो की पत्नी पस्तु महतो तथा माचा निवासी सत्यनारायण दत्ता की पत्नी प्रतिमा दत्ता को एक-एक लाख रुपये की मुआवजा राशि का चेक प्रदान किया गया। अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने बताया कि सभी मृतकों के आश्रितों के बैंक खातों में मुआवजा राशि भेज दी गई है। परिजनों ने बैंक पहुंचकर राशि जमा होने का सत्यापन भी कर लिया है।



