जमशेदपुर में नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर
Jamshedpur : चांडिल कॉम्प्लेक्स के मुख्य अभियंता कार्यालय स्थित बाढ़ सेल की ओर से शुक्रवार शाम 4 बजे क्षेत्र की प्रमुख नदियों और बांधों के जलस्तर की दैनिक रिपोर्ट जारी की गई। खरकई नदी और स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर दर्ज किया गया है। जलस्तर में गिरावट का रुख दर्ज किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार ओडिशा स्थित बैंकाबाल बांध का वर्तमान जलस्तर 303.76 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का स्तर 305 मीटर है। बांध से 22.46 घन मीटर प्रति सेकेंड की दर से पानी छोड़ा जा रहा है। खड़खाई बांध, गंजिया बैराज का वर्तमान जलस्तर 311.65 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का स्तर 313.50 मीटर है। यहां 29.03 घन मीटर प्रति सेकेंड पानी छोड़े जाने की सूचना है और एक गेट खुला है। आदित्यपुर पुल के पास खरकई नदी का वर्तमान जलस्तर 133.30 मीटर दर्ज किया गया। यहां खतरे का स्तर 129 मीटर है। यानी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 4.30 मीटर ऊपर है। हालांकि जलस्तर में गिरावट का रुख दर्ज किया गया है। चांडिल बांध से 362.25 घन मीटर प्रति सेकेंड पानी छोड़े जाने की सूचना है।
जमशेदपुर के मानगो पुल के पास स्वर्णरेखा नदी का वर्तमान जलस्तर 122.52 मीटर दर्ज किया गया है। यहां खतरे का स्तर 121.50 मीटर है। नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 1.02 मीटर ऊपर है और इसमें भी गिरावट का रुख दर्ज किया गया है। चांडिल से पानी छोड़े जाने की मात्रा 4298.625 घन मीटर प्रति सेकेंड दर्ज की गई है। बाढ़ सेल के अनुसार आंकड़े संबंधित कार्यपालक अभियंताओं से प्राप्त टेलीफोनिक संदेशों के आधार पर तैयार किए गए हैं। रिपोर्ट में आर का अर्थ जलस्तर बढ़ना, एफ का अर्थ जलस्तर घटना और एस का अर्थ जलस्तर स्थिर रहना बताया गया है। बाढ़ सेल ने जलस्तर की स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखने की जानकारी दी है। रिपोर्ट उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम, उपायुक्त सरायकेला-खरसावां सहित संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को भेजी गई है।



