पटमदा-बोड़ाम में शान से लहराया तिरंगा, हजारों लोगों ने दी सलामी

Patamda : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को पटमदा एवं बोड़ाम प्रखंड क्षेत्र में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। दोनों प्रखंडों के सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों, स्कूलों, कॉलेजों एवं क्लबों में पूरे सम्मान के साथ ध्वजारोहण किया गया और राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई। विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ।
पटमदा प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में बीडीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास की अध्यक्षता में प्रखंड प्रमुख बालिका सोरेन ने ध्वजारोहण किया। पटमदा थाना में थाना प्रभारी विष्णुचरण भोगता, पटमदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आरके सिंह, कमलपुर थाना में प्रभारी अशोक कुमार ने तिरंगा फहराया। पटमदा इंटर कॉलेज जाल्ला में प्राचार्य अरुण कुमार, पटमदा डिग्री कॉलेज जाल्ला में सचिव सह विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू ने ध्वजारोहण किया। वहीं बोड़ाम प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में प्रमुख ललिता सिंह की अध्यक्षता में बीडीओ किकू महतो, बोड़ाम थाना में थाना प्रभारी नीरज कुमार ने राष्ट्रध्वज फहराया। एसएस प्लस टू हाई स्कूल पटमदा में प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार, आदिवासी प्लस टू हाई स्कूल बांगुड़दा में प्राचार्य सुजीत सेठ, दिघी-भूला प्लस टू हाई स्कूल में प्राचार्य जितेंद्र कुमार, आदिवासी हाई स्कूल बोड़ाम में प्रधानाध्यापक मजनू अंसारी, उत्क्रमित उच्च विद्यालय गोबरघुसी में प्रधानाध्यापक उपेंद्र बेसरा व बेलटांड़ बाबा तिलका पार्क में शिक्षित बेरोजगार टेंपो चालक संघ के अध्यक्ष रंजन दास ने ध्वजारोहण कर विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
पटमदा डिग्री कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलेज के सचिव सह विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू ने कहा कि देश आजादी के 79 वर्ष पूरे कर 80वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। यह अवसर उन वीर शहीदों और महापुरुषों को नमन करने का है, जिनके त्याग और बलिदान के कारण देशवासियों को स्वतंत्र भारत में सांस लेने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि आज ही के दिन राज्य के पूर्व शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की पहली पुण्यतिथि भी है। इस अवसर पर उन्होंने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। टुडू ने कहा कि पिछले आठ दशकों में देश ने कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है, लेकिन अपेक्षित विकास की अभी भी आवश्यकता है। विशेष रूप से शिक्षा के क्षेत्र में कई चुनौतियां मौजूद हैं। इसके लिए समाज के सभी वर्गों को चिंतन, मंथन और सामूहिक प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने विद्यार्थियों से देश के महान महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों एवं पदचिह्नों पर चलने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डिग्री कॉलेज के प्राचार्य कृष्णपद महतो, इंटर कॉलेज के प्राचार्य अरुण कुमार, सचिव विश्वनाथ सिंह सरदार, जिला पार्षद खगेन चंद्र महतो व प्रदीप बेसरा, प्रमुख बालिका सोरेन, बीडीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास, थाना प्रभारी अशोक कुमार व विष्णुचरण भोगता, शिक्षाविद पंचानन दास, शरत सिंह सरदार, गिरिजा प्रसाद मिश्रा, मृत्युंजय महतो, पुरुषोत्तम कुमार राय, जगदीश प्रसाद मंडल, उज्ज्वल कुमार महतो, अश्विनी महतो, सुभाष कर्मकार, विश्वनाथ महतो एवं डॉ. गौतम गोराई आदि मौजूद थे।








