भादूडीह में एस्बेस्टस की छत काटकर दुकान में घुसे चोर, नकदी समेत 1.20 लाख की चोरी
Patamda: भादूडीह में वन विभाग के चेकनाका के समीप टाटा-पटमदा मुख्य सड़क किनारे स्थित एक जनरल स्टोर में शनिवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एस्बेस्टस की छत काटकर करीब 1 लाख 20 हजार रुपए की चोरी कर ली। इसमें करीब 30 हजार रुपए नकद शामिल हैं। घटना की जानकारी रविवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे दुकानदार महानंद महतो को हुई। उन्होंने तत्काल बोड़ाम पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, महानंद महतो शनिवार रात करीब 10 बजे रोज की तरह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। रविवार सुबह दुकान पहुंचने पर उन्होंने देखा कि एस्बेस्टस की छत कटी हुई है और दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा है। जांच करने पर नकदी समेत करीब 1.20 लाख रुपए मूल्य के सामान की चोरी का पता चला।
बताया जाता है कि एक वर्ष के भीतर इसी दुकान में चोरी की यह तीसरी घटना है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि घटनास्थल डिमना लेक से महज करीब 2 किलोमीटर दूर है और टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर 24 घंटे वाहनों का आवागमन रहता है। इसके बावजूद चोरों द्वारा बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटना का जल्द से जल्द उद्भेदन कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। गौरतलब है कि बीते 3 अगस्त को भी बोड़ाम बाजार में आभूषण दुकान तथा बारियादा में मोबाइल दुकान की एस्बेस्टस छत काटकर लाखों रुपए की चोरी की गई थी। उन घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं से चोरों के बढ़ते मनोबल को लेकर भी लोगों में चिंता है।








