अबुआ आवास की पहली किस्त के इंतजार में लाभुक, बारिश में कच्चा मकान धंसने से हुई बेघर
भाजपा नेता प्रदीप कुमार महतो ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप, जांच कराने की मांग
Patamda: अत्यधिक बारिश के कारण पटमदा क्षेत्र में कमजोर हो चुकी मिट्टी की दीवारें लगातार गिर रही हैं और लोग बेघर हो रहे हैं। शनिवार को पटमदा के हुरूम्बिल गांव में एक 81 वर्षीय महिला रेणुवाला महतो का कच्चा मकान धंस गया। वह अबुआ आवास योजना की लाभुक हैं और पिछले एक साल से पहली किस्त का इंतजार कर रही है।
इस संबंध में भाजपा के जमशेदपुर महानगर जिला उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार महतो का कहना है कि इस परिस्थिति के लिए विभागीय अधिकारी व कर्मचारी ही जिम्मेदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वीकृत सूची में रेणुवाला महतो का नाम ऊपर में होने के बावजूद उन्हें पहली किस्त की राशि नहीं मिली जबकि सूची में नीचे जिनका नाम है उन्हें दूसरी किस्त भी मिल चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रखंड कार्यालय में अबुआ आवास योजना में जमकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है जिसके कारण जरूरतमंद या योग्य लाभुक ही वंचित हो रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से इसकी जांच कराने की मांग करते हुए अविलंब आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। प्रदीप ने कहा कि रेणुवाला की दुर्दशा को देखते हुए वे 4 महीने के अंदर कई बार बीडीओ, आवास योजना के कॉर्डिनेटर, पंचायत सचिव से आग्रह किया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
इस संबंध में बीडीओ शशि नीलिमा डुंगडुंग ने बताया कि पूरे प्रखंड में 100 से अधिक मामले हैं जिनका तकनीकी खामियां एवं ई- केवाईसी के कारण स्टेट से ही राशि नहीं भेजी गई है और वर्तमान में फंड नहीं के कारण मामला फंसा हुआ है।
आवास योजना के कॉर्डिनेटर विप्लव कुमार महतो ने बताया कि रेणुवाला को फरवरी में पहली किस्त जारी हुई थी लेकिन बैंक से रिजेक्ट कर देने से भुगतान नहीं हो पाया।






























