बिड़रा प्राथमिक विद्यालय की जमीन का सीमांकन कराने की मांग
Patamda: बिड़रा स्थित प्राथमिक विद्यालय के नए भवन निर्माण में भूमि सीमांकन की बाधा दूर करने के लिए अंचल प्रशासन से पहल करने की मांग की गई है। इस संबंध में सोमवार को पटमदा के अंचल अधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास को आवेदन देकर हल्का संख्या 10, मौजा संख्या 89 के प्लॉट संख्या 2004, 1916, 1917 एवं 3315 की विधिवत मापी और सीमांकन कराने का आग्रह किया गया है।
उप मुखिया गोपाल गोराई ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय, बिड़रा के नए भवन निर्माण को विभाग से पहले भी स्वीकृति मिली थी, लेकिन विद्यालय की जमीन का विधिवत सीमांकन और मापी नहीं होने के कारण निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ सका। इसके चलते निर्माण का प्रस्ताव विभाग को वापस भेजना पड़ा था। अब विभाग ने भवन निर्माण के लिए दोबारा स्वीकृति प्रदान की है। ऐसे में समय रहते भूमि की मापी और सीमांकन कराना आवश्यक है, ताकि निर्माण कार्य में फिर कोई बाधा उत्पन्न न हो।
अंचल अधिकारी से राजस्व अभिलेखों और उपलब्ध नक्शे के आधार पर संबंधित राजस्व कर्मचारी या सरकारी अमीन से जमीन की मापी कराने तथा उसकी वास्तविक चौहद्दी स्पष्ट रूप से चिह्नित करने की मांग की गई है। इससे भविष्य में संभावित भूमि विवाद से बचा जा सकेगा और भवन निर्माण समय पर शुरू हो सकेगा। इसके अलावा विद्यालय के आसपास उपलब्ध सरकारी भूमि को भी विद्यालय के उपयोग के लिए आवंटित करने का आग्रह किया गया है, ताकि भविष्य में विद्यालय के विस्तार तथा अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध हो सके।




