बराभूम-बांदोवान मुख्य सड़क पर गिरे पेड़ से टकराई बाइक, चार युवक घायल
Patamda: बराभूम-बांदोवान मुख्य सड़क पर शुक्रवार की शाम को आंधी तूफान से सड़क पर गिरे पेड़ से टकराकर बाइक सवार चार युवक शनिवार को रात करीब 8 बजे घायल हो गए। सभी युवक कमलपुर थाना क्षेत्र के कांकीडीह गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, चारों युवक पटमदा से बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। राखडीह होते हुए बंगाल सीमा स्थित एक पेट्रोल पंप से तेल भरवाने के बाद जैसे ही वे युधिष्ठिर महतो के घर के पास पहुंचे, सड़क किनारे गिरे पेड़ से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में सभी युवक सड़क पर गिर पड़े और सिर में गंभीर चोट लगने से बेहोश हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर कमलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल नजदीकी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों में सौरव टुडू (18), सोमनाथ टुडू (21), फुर्गल बेसरा (21) एवं देवराज हेंब्रम (18) शामिल हैं। बताया गया कि शुक्रवार शाम आई तेज आंधी और बारिश के दौरान सड़क किनारे खड़ा बबूल का पेड़ उखड़कर मुख्य सड़क पर गिर गया था, जिससे सड़क का आधे से अधिक हिस्सा बाधित हो गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार, इसकी सूचना शुक्रवार देर शाम कमलपुर थाना के मुंशी को दी गई थी, जो छुट्टी पर हैं और उन्होंने इसकी सूचना थाना प्रभारी को नहीं दी थी। इसलिए समय पर पेड़ नहीं हटाए जाने के कारण यह हादसा हो गया।
वहीं, थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि उन्हें पहले किसी प्रकार की सूचना नहीं मिली थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया तथा सड़क पर पड़े पेड़ को कटवाकर हटाया गया, जिससे आवागमन सामान्य हो सका। घटना के दौरान जेएलकेएम नेता सुब्रत महतो, मृत्युंजय महतो एवं श्यामसुंदर महतो समेत कई स्थानीय लोगों ने राहत कार्य में सहयोग किया।




