थैलेसीमिया मरीज को जिला पार्षद की पहल पर मिला रक्त, परिजनों ने जताया आभार
Patamda: पटमदा प्रखंड के रांगाटांड़ निवासी एक थैलेसीमिया पीड़ित बच्ची के परिजनों को उस समय बड़ी राहत मिली, जब पटमदा उत्तरी के जिला पार्षद खगेन चंद्र महतो की पहल पर बच्ची के लिए दो यूनिट रक्त की व्यवस्था कराई गई।
बताया जाता है कि करीब साढ़े चार वर्ष की बच्ची थैलेसीमिया बीमारी से पीड़ित है, जिसके कारण उसे प्रतिमाह दो यूनिट रक्त की आवश्यकता पड़ती है। अब तक बच्ची के लिए एमजीएम अस्पताल एवं जमशेदपुर ब्लड सेंटर से रक्त उपलब्ध होता रहा है, लेकिन इस माह रक्त की व्यवस्था नहीं हो पाने से परिजन काफी चिंतित थे।
मामले की जानकारी मिलते ही जिला पार्षद खगेन चंद्र महतो स्वयं एमजीएम अस्पताल पहुंचे और पहल करते हुए जमशेदपुर ब्लड सेंटर से बच्ची के लिए दो यूनिट रक्त उपलब्ध कराया। रक्त मिलने के बाद परिजनों ने जिला पार्षद के प्रति आभार व्यक्त किया।




