नक्सल गतिविधियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा, संवेदनशील इलाकों में डीआईजी ने दिया अभियान तेज करने का निर्देश
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में नक्सल गतिविधियों को लेकर बुधवार को जमशेदपुर में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। कोल्हान क्षेत्र के डीआईजी (पुलिस उप-महानिरीक्षक) अनुरंजन किस्पोट्टा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में दोनों जिलों के वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ सीआरपीएफ के पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक, सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के नगर एवं ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, घाटशिला एसडीपीओ, मुसाबनी डीएसपी, पटमदा डीएसपी, सीआरपीएफ के उप-समादेष्टा व सहायक समादेष्टा सहित पटमदा, बोड़ाम, कमलपुर, एमजीएम, घाटशिला, गालूडीह, चांडिल और नीमडीह थाना प्रभारी मौजूद रहे। बैठक में दोनों जिलों के नक्सल प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में अभियान तेज करने, लगातार निगरानी बनाए रखने और नक्सली गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय, सूचना तंत्र को मजबूत करने तथा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अभियानों को अधिक प्रभावी बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।



