पटमदा के नगाड़ों से गूंजा झारखंड आदिवासी महोत्सव, 500 लोक कलाकार हुए शामिल
Patamda: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर झारखंड सरकार की ओर से रांची में आयोजित झारखंड आदिवासी महोत्सव-2026 में बोड़ाम और पटमदा के करीब 500 कलाकारों ने अपनी पारंपरिक लोककला की शानदार प्रस्तुति दी। महोत्सव में राज्यभर से करीब 15 हजार कलाकारों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। बोड़ाम-पटमदा क्षेत्र से 300 ढोल-नगाड़ा कलाकारों और 200 पाता नृत्य कलाकारों ने महोत्सव में भाग लिया। कलाकारों को इस राज्य स्तरीय मंच पर अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर दिलाने में विनायक छऊ एंड नाटुआ डांस सोसाइटी के सचिव विश्वदेव महतो का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
विश्वदेव महतो ने सभी कलाकारों के रहने और रिहर्सल की व्यवस्था अपने घर पर की। दो दिनों तक अभ्यास कराने के बाद कलाकारों की टीम 6 अगस्त को रांची रवाना हुई। इसके बाद 7 से 9 अगस्त तक आयोजित महोत्सव में कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य और ढोल-नगाड़े की प्रस्तुति देकर झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति की झलक पेश की। महोत्सव में बोड़ाम-पटमदा के कलाकारों की प्रस्तुति ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। आयोजन को सफल बनाने में सागर सिंह, द्रोपदी महतो, हरप्रिया महतो, विजय टुडू, प्रेमचंद महतो, निरंजन सहिस, राजीव सहिस, संजय महतो, मुखचंद, अंबुज, रुद्र, देवाशीष और घटु सिंह आदि का सहयोग रहा।



