कमलपुर क्लासिक रन रेट के आधार पर क्वालीफायर-1 में पहुंची
Patamda: हथियाडीह फुटबॉल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय बोड़ाम-पटमदा प्रीमियर लीग सीजन-3 के दूसरे दिन शनिवार को ग्रुप-बी के छह मुकाबले खेले गए। कमलपुर क्लासिक ने तीन में दो मैच जीतकर बेहतर रन रेट के आधार पर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया और क्वालीफायर-1 के लिए क्वालीफाई किया। वहीं, विराट इलेवन ने भी तीन में दो मैच जीतकर दूसरा स्थान हासिल किया और क्वालीफायर-2 में जगह बनाई।
दिन के मुकाबलों में कमलपुर क्लासिक के ऑल इंडिया आइकन विश्वरूप होता ने दो अर्धशतकीय पारियां खेलकर शानदार प्रदर्शन किया। विराट इलेवन के पार्थ गोप और विश्वरूप होता को दो-दो मैचों में, जबकि चंदना इलेवन के अनूप महंती और ब्रो एंड ब्रदर्स इलेवन के लक्की सिंह को एक-एक मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। सभी खिलाड़ियों को समिति की ओर से ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। विराट इलेवन और कमलपुर क्लासिक के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। दोनों टीमों के बीच मैच टाई होने के बाद सुपर ओवर में परिणाम निकला।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन रविवार को क्वालीफायर-1, एलिमिनेटर, क्वालीफायर-2 और फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। आयोजन को सफल बनाने में केशव गोप, हेमंत मोदक, राजा मोदक, राम प्रामाणिक, पार्थ गोप, भास्कर महतो, दुलाल महतो, विष्णु सहिस, उत्तम महतो, कंचन महांती और विवेक गोप सहित अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।




