अवैध गिट्टी लदा ट्रक जब्त, चालक-खलासी गिरफ्तार, क्रशर मालिक समेत चार पर केस
Patamda: पटमदा थाना प्रभारी विष्णु चरण भोगता के नेतृत्व में पुलिस ने सोमवार को टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर विशेष अभियान चलाकर पटमदा बाजार के पास अवैध गिट्टी लदे ट्रक को जब्त किया। पुलिस ने मौके से ट्रक के चालक सिजुल मल्लिक और खलासी सब्बूल मुल्ला को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, ट्रक की जांच के दौरान गिट्टी से संबंधित चालान मांगा गया, लेकिन चालक और खलासी कोई वैध चालान प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने ट्रक को गिट्टी समेत जब्त कर थाना परिसर में खड़ा करा दिया। पूछताछ में चालक और खलासी ने पुलिस को बताया कि वे पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा समेत अन्य क्षेत्रों से प्याज और आलू लेकर पटमदा के रास्ते जमशेदपुर आते हैं। वापसी के दौरान पटमदा के गाड़ीग्राम स्थित सुभाष शाही के क्रशर से गिट्टी लोड कर पश्चिम बंगाल ले जाते हैं। उनका आरोप है कि क्रशर से उन्हें गिट्टी का कोई चालान नहीं दिया जाता था। थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रक पर 200 सीएफटी से अधिक गिट्टी लदी हुई थी। वैध चालान नहीं मिलने और गिट्टी के अवैध परिवहन के मामले में पटमदा थाना कांड संख्या 15/2026 के तहत क्रशर मालिक सुभाष शाही, ट्रक मालिक, चालक और खलासी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार चालक और खलासी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।



