एसएस प्लस टू हाई स्कूल पटमदा में कोबरा बटालियन के इंस्पेक्टर ने विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत
Patamda : राज्य संपोषित (एसएस) +2 उच्च विद्यालय, पटमदा में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार द्वारा ध्वजारोहण तथा शिक्षिका मिताली बासु के नेतृत्व में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इससे पूर्व पटमदा बाजार में विद्यालय परिवार की ओर से प्रभात फेरी एवं झांकी निकाली गई।
इस अवसर पर शिक्षक सुबोध प्रसाद सिंह एवं कौशलेंद्र कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान से अवगत कराया। समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। सोमाय बेसरा ग्रुप, आंखि दत्ता ग्रुप, आयुषी ग्रुप, मनीषा दास, सोनामुनि एवं अनीता गोराई ने नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। सुकुरमनी मुर्मू, बादल कुमार बास्के, जयंत महतो एवं राहुल बेसरा ने प्रभावशाली भाषण दिए। वहीं सुषमा सिंह, वर्षा एवं संगीता दास ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
समारोह के दौरान मासिक रेल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों तथा शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर विद्यार्थियों में अध्ययन, अनुशासन एवं नियमित विद्यालय उपस्थिति के प्रति उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के बीच मिठाइयों का वितरण किया गया। समारोह में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही और कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति की भावना के साथ हुआ। मौके पर कोबरा बटालियन के इंस्पेक्टर जय सिंह, सब इंस्पेक्टर दिनेश लांबा व सांवला राम, समाजसेवी विश्वनाथ महतो, एसएमसी सदस्य शरत सिंह सरदार व जगदीश प्रसाद मंडल आदि मौजूद थे।








