डॉ. प्रियंका झा को मिला विद्याविद् रत्न पुरस्कार 2026
जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक ज्ञान और पर्यावरण संरक्षण पर शोध के लिए अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में हुईं सम्मानित
Patamda: पटमदा प्रखंड के माचा स्थित प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय की प्रधानाध्यापिका डॉ. प्रियंका झा को शिक्षा के क्षेत्र में विशेष योगदान और बालिका शिक्षा के उत्थान के लिए विद्याविद् रत्न पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया। घाटशिला कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार के दौरान उन्हें यह सम्मान शनिवार को प्रदान किया गया। सोना देवी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रभाकर सिंह ने डॉ. झा को सम्मानित किया। सेमिनार में डॉ. झा ने झारखंड के हो और संथाल समुदाय की लोक संस्कृति, लोकगीत, पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी परंपराओं तथा जनजातीय जीवन में निहित पारंपरिक ज्ञान पर शोधपत्र प्रस्तुत किया। उन्होंने वैदिक परंपरा और जनजातीय समुदायों के प्राकृतिक, सांस्कृतिक एवं लोकजीवन के बीच संबंधों को रेखांकित करते हुए बताया कि जनजातीय समाज की प्रकृति के प्रति चेतना और पारंपरिक ज्ञान को शिक्षा से जोड़कर नई पीढ़ी के लिए उपयोगी बनाया जा सकता है।
डॉ. झा ने सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में छात्राओं के साथ मिलकर जनजातीय समुदायों में प्रचलित विभिन्न प्रकार के साग-सब्जियों और औषधीय पौधों की खोज एवं उनके पारंपरिक उपयोगों के अध्ययन की पहल भी की है। उनके इस प्रयास में स्थानीय ज्ञान, पर्यावरण संरक्षण और शिक्षा को एक साथ जोड़ने पर जोर दिया गया है। पुरस्कार मिलने पर सेमिनार में उपस्थित शिक्षाविदों और शोधार्थियों ने डॉ. प्रियंका झा को बधाई दी तथा उनके शोध कार्य और शैक्षणिक योगदान की सराहना की।




