पटमदा की शिक्षिका डॉ. प्रियंका झा ने गुवाहाटी में बढ़ाया झारखंड का मान
Patamda : असम के गुवाहाटी में मंगलवार को संपन्न 21 दिवसीय सीसीआरटी ओरिएंटेशन कार्यक्रम में 16 राज्यों के शिक्षकों ने भारतीय कला, संस्कृति और पारंपरिक विधाओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया। झारखंड से शामिल प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय, पटमदा की प्रधान शिक्षिका डॉ. प्रियंका झा ने सक्रिय सहभागिता निभाई। प्रशिक्षण के समापन पर उन्हें प्रोत्साहन पत्र देकर सम्मानित किया गया। गुवाहाटी की संस्था वॉयस ऑफ एनवायरनमेंट की ओर से भी उन्हें सम्मानित किया गया। पटमदा प्रखंड से इस राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण के लिए चयनित होने वाली डॉ. प्रियंका झा एकमात्र शिक्षिका रहीं। प्रशिक्षण के दौरान बेंबू आर्ट, टेराकोटा, वेस्ट मैनेजमेंट, लोकगीत समेत भारतीय कला-संस्कृति की विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दिया गया। झारखंड की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता को भी कार्यक्रम में प्रस्तुत किया गया। पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में भी उन्होंने सहभागिता की।
डॉ. झा ने अपनी उपलब्धि का श्रेय जिला शिक्षा पदाधिकारी निशु कुमारी, जेसीईआरटी रांची, विद्यालय के विद्यार्थियों और विद्यालय प्रबंधन समिति को दिया। उन्होंने कहा कि सीसीआरटी प्रशिक्षण से भारतीय कला एवं संस्कृति को आधुनिक कक्षा शिक्षण से जोड़ने की नई दृष्टि मिलती है, जो राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों को प्रभावी बनाने में सहायक है। सीसीआरटी संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन कार्यरत स्वायत्त संस्थान है, जिसकी स्थापना मई 1979 में हुई थी। पटमदा लौटने पर डॉ. प्रियंका झा की इस उपलब्धि को लेकर विद्यालय और क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।



