लोवाडीह में हजारों महिलाओं ने प्रस्तुत किया पारंपरिक करम नृत्य
परबतिआ गुमानिआ चुमान’ कार्यक्रम में कुड़मी संस्कृति की दिखी झलक, करम दल सम्मानित
Patamda : आदिवासी कुड़मी समाज, पूर्वी सिंहभूम के तत्वावधान में रविवार को पटमदा प्रखंड के लोवाडीह स्थित कुड़माली भाखि चारी आखाड़ा में ‘परबतिआ गुमानिआ चुमान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें पटमदा-बोड़ाम सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचीं हजारों महिलाओं ने पारंपरिक करम नृत्य प्रस्तुत कर कुड़मी समाज की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपरा का प्रदर्शन किया। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने लोकगीतों और मांदर की थाप पर सामूहिक करम नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी ने सांस्कृतिक उत्सव का माहौल बना दिया। आयोजकों ने सभी करम नृत्य दलों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य पारंपरिक करम नृत्य को प्रोत्साहित करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी भाषा, संस्कृति और लोक परंपराओं से जोड़ना है। इससे समाज की सांस्कृतिक पहचान और सामूहिक एकजुटता को मजबूती मिलती है। मौके पर केंद्रीय सहसचिव जयराम महतो, दीपक कुमार फुलुडिया, लालटू महतो, अनिल महतो, विनय महतो और साधन महतो समेत अन्य लोग उपस्थित थे।











